बदायूं। कोतवाली के पास कार का शीशा तोड़कर बाइक सवार लुटेरों ने 22 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित कार व्यापारी को अहसास हुआ तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज निकालकर कोतवाली पुलिस को सौंप दी। पुलिस अब आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
बरेली के फाइक एन्कलेव निवासी हबीब सिद्दीकी कपड़ा व्यापारी हैं। उनकी यहां कोतवाली घंटाघर के पास मार्केट में गारमेंट शॉप है। हबीब ने 28 जून की शाम अपनी कार दुकान के सामने खड़ी की थी। खुद दुकान पर पहुंच गए। कार में 22 हजार रुपये, चेकबुक व कुछ कागजात रखे थे। बाइक पर सवार दो लड़कों ने कार का शीशा तोड़कर नकदी समेत सब सामान निकाल लिया और तेजी से निकल गए। किसी राहगीर ने यह घटना देखी तो हबीब को पता चल सका। इसके बाद व्यापारियों ने दुकान व आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पूरी घटना सामने आ गई। इसके बाद तहरीर के साथ फुटेज कोतवाली पुलिस को सौंप दी गई। देर रात तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी। पुलिस फुटेज के आधार पर शातिरों की पहचान में जुटी है।