बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव वैन में 11 जून की रात चोरों ने बेखौफ होकर तीन घरों में घुसकर चोरी कर ली थी। एक घर में पकड़े जाने पर चोर एक युवक पर फायर कर भाग निकला। रविवार को पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं की खुलासा कर दिया है। दूसरे चोर को पकड़ने के लिए पुलिस दाबिश दे रही है।
इंस्पेक्टर धीरज सिंह सोलंकी ने बताया कि रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव रफीनगर (थाना मुजरिया) निवासी रुमसिंह को नगर के खैरी बस स्टैंड से गिरप्तार कर लिया। वह किसी वाहन से बाहर जाने के इंतजार में खड़ा था। सूचना पर एसआई रामनरेश यादव ने फोर्स के साथ मौके पर जाकर उसे दबोच लिया। साथ ही उसके पास से एक चोरी का मोबाइल और साढ़े तीन हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है। घटना में शामिल दूसरा चोर बिसौली कोतवाली के गांव शेखूपुरा निवासी हरिओम सिंह है जो फरार हो गया है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार दाबिश दे रही है। शीघ्र उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।