बदायूं। बिल्सी पुलिस के दो सिपाहियों से अभद्रता और खींचतान करने वाले हिस्ट्रीशीटर के परिवार वाले भी गांव छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके परिवार वालों की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चला। पुलिस उनको जगह-जगह तलाश कर रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर बिल्सी थाने के दो सिपाही एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने बरनी ढकपुरा गांव पहुंचे थे। उन्हें सूचना मिली थी हिस्ट्रीशीटर छत्रपाल यादव गांव में तमंचा लेकर घूम रहा है। इस पर दोनों सिपाहियों ने हिस्ट्रीशीटर को पकड़ भी लिया था लेकिन उसके परिवार वालों ने दोनों सिपाहियों को घेर लिया। उनके साथ अभद्रता और खींचतान कर दी। इसका फायदा उठाकर हिस्ट्रीशीटर मौके से भाग गया। दोनों सिपाहियों की सूचना पर थाना पुलिस गांव पहुंची। तब तक वह काफी दूर निकल चुका था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शुक्रवार को भी हिस्ट्रीशीटर की तलाश में गांव में छापा मारा। इस दौरान उसके परिवार वाले भी लापता मिले। उसके घर पर ताला लगा हुआ है। कोई गांव वाला ये बताने को तैयार नहीं है कि हिस्ट्रीशीटर और उसके परिवार वाले कहां चले गए। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन शाम तक पुलिस को कोई कामयाब नहीं मिली। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर की तलाश चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।