जरीफनगर (बदायूं)। झोलाछाप के इलाज से एक युवक की मौत हो गई। इससे गुस्साए मृतक के परिजन ने झोलाछाप के क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। हालांकि इससे पहले झोलाछाप क्लीनिक बंद करके भाग गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया। पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम धोवरखेड़ा निवासी खुशीराम (30) पुत्र लखपत गुरुवार दोपहर उस्मानपुर गांव एक झोलाछाप के क्लीनिक पर दवा लेने गए थे। आरोप है कि दवा खाने के एक घंटे बाद युवक की मौत हो गई। परिजन के मुताबिक खुशीराम की कुछ तबीयत खराब थी। वह दवा लेने के बाद शाम करीब चार बजे घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजन खुशीराम का शव लेकर झोलाछाप के क्लीनिक गए। जहां उन्होंने शव सड़क पर रखकर झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि इससे झोलाछाप दुकान बंद करके मौके से भाग गया। भीड़ जमा होने का पता लगने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को समझाकर शांत किया। इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार वालों ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है।