बदायूं। सराफा शोरूम पर आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान सराफा बाजार में हड़कंप रहा। आयकर विभाग की टीम ने पुलिस के साथ सुबह ही छापा मारा। लेकिन लोगों को दुकान खोलने के कुछ देर पहले मालूम चला। जब उनकी निगाह पुलिस और अधिकारियों पर पड़ी। धीरे-धीरे स्थिति साफ होती गई कि आयकर विभाग की कार्रवाई है।
आयकर की टीम ने सोमवार तड़के से ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। आयकर विभाग की टीम सराफा बाजार पहुंची तो शोरूम बंद था। जिस शोरूम पर छापा मारा गया, उसके तीन गेट हैं। तीनों को फोर्स ने घेर लिया। बाजार में सराफा कारोबारियों को इस बारे में पता लगा तो उन्होंने भी अपनी दुकानों को नहीं खोला। ज्यादातर व्यापारी एक दूसरे को मोबाइल पर कॉल करके कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटाते रहे। इस दौरान सराफा पूरी तरह से बंद रहा। कार्रवाई के दौरान भीड़ के कारण कई बार जाम की स्थिति भी बनी। पुलिस को यहां रुकने वालों को हटने के लिए कहना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि निदेशालय (जांच) स्तर से आयकर विभाग ने यह कार्रवाई पुख्ता सूचनाओं के आधार पर की है। ज्यादातर सराफा व्यापारी कार्रवाई को लेकर सकते में दिखे।
स्टाक से लेकर कर्मचारियों तक की ली जानकारी
आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च स्तर से हुई है। शोरूम में आभूषणों का पूरा ब्योरा जुटाने के साथ आय-व्यय के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस काम में अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। टीम में आयकर विभाग के सूचीबद्घ वैल्यूअर भी शामिल हैं। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ डायमंड आदि रत्नों की कीमत का पूरा ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। आयकर विभाग की टीमें यहां कर्मचारियों की संख्या और उनको वेतन भुगतान के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं। ज्वैलर्स के शोरूम से जुड़े सभी दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है।
आयकर चोरी के शक में की जाती है इस तरह की कार्रवाई
जिस तरह की उच्च स्तरीय कार्रवाई की गई है, ऐसी कार्रवाई आयकर चोरी के बड़े मामलों में की जाती है। टैक्स कंसल्टेंट अधिवक्ता केबी रस्तोगी का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई में पूरी संपत्ति की पड़ताल की जाती है। संपत्तियों का मूल्यांकन करने के बाद उनकी सही वैल्यू निकाली जाती है। इस तरह की कार्रवाई बड़ी फर्मों की सभी ब्रांच पर एक साथ की जाती है। इसके बाद पूरी वैल्यू निकाल कर टैक्स तय किया जाता है। अगर टैक्स चोरी सामने आती है तो आगे की कार्रवाई की जाती है।
भारी फोर्स के साथ 12 इनोवा गाड़ियों से आई अधिकारियों की टीम
पूरे सर्राफा बाजार में खड़ीं आयकर विभाग के अधिकारियों की लग्जरी इनोवा गाड़ियों की टीम भी चर्चाओं में रहीं। बाजार में जगह-जगह गाड़ियों को खड़ा करके पूरे शोरूम को पहले ही घेर लिया गया था। कार्रवाई में आयकर टीम ने करीब 12 इनोवा गाड़ियों और भारी संख्या में पुलिस-पीएसी के जवानों का इस्तेमाल किया। छापामार कार्रवाई में करीब 40 अधिकारी शामिल हैं। कार्रवाई के बारे में पता करने पर एक अधिकारी ने सिर्फ इतना कहा कि वह अभी कुछ नहीं बता सकते कार्रवाई जारी है।