उझानी (बदायूं)। बिल्सी निवासी व्यापारी और उसके परिवार की कार सवार महिलाओं से पिछले दिनों लूट के मामले में पुलिस अभी तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी है। करीब एक पखवाड़े में पुलिस ने हालांकि एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ भी की, लेकिन उनसे भी बदमाशों तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिला तो क्लीनचिट देनी पड़ गई। घटना का वर्कआउट नहीं होने से आहत व्यापारी ने राजनीतिक पैरोकारों के जरिए पुलिस अफसरों से संपर्क साधा है। इसके विपरीत पुलिस को अब आसपास दूसरे इलाके के किसी बदमाश गिरोह का घटना में हाथ होने का शक बना हुआ है।
लूट की घटना आठ दिसंबर की रात कोतवाली क्षेत्र में वितरोई रेल फाटक से पहले कुलुआठेर गांव के पास कछला-बिल्सी रोड पर हुई थी। बदमाशों ने कार को पंक्चर कर कार सवार बिल्सी के व्यापारी आदित्य कुमार, कार चालक और उनके परिवार की महिलाओं के जेवरात, नकदी और सेलफोन लूट लिए थे। पुलिस ने घटना की देर रात ही अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। घटना के वर्कआउट के लिए कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम को भी लगाया गया, लेकिन बदमाशों के बारे में सुराग नहीं लगने से पीड़ित परिवार परेशानी में है। पुलिस और स्वॉट टीम ने पिछले कुछ एक दिनों में करीब एक दर्जन संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की। इनमें कुछ एक आपराधिक प्रवृति के भी निकले, लेकिन घटना में उनकी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिलने से पुलिस भी पसोपेश में है। सबसे अहम तो अभी तक यह कि पुलिस के हाथ ऐसा भी कोई सुराग नहीं लगा है जो वह मान सके कि घटना में इलाके के बदमाशों का हाथ रहा है। अब पुलिस को शक है कि बदमाश गिरोह पड़ोसी थाना क्षेत्रों का रहा होगा। वैसे, पुलिस ने कासगंज जिले के अलावा मुजरिया और सहसवान क्षेत्रों पर नजर दौड़ानी शुरू कर दी है। उधर, लूट के शिकार व्यापारी आदित्य का आरोप है कि पुलिस घटना के वर्कआउट में सक्रिय नहीं है। इसी से बदमाशों के हौसले बढ़े हुए हैं।
टप्पेबाजी की दो घटनाओं में भी पुलिस के हाथ खाली
पिछले महीने मेन मार्केट में अयोध्यागंज मोहल्ला मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक कंपनी के उत्पाद ले जाने वाले पिकअप सवार सेल्समैन बिसौली में सिचौली निवासी धनवीर और खिरिया वाकरपुर के अंकित शर्मा को टप्पेबाजों ने शिकार बना लिया था। टप्पेबाजों ने उनके वाहन के इंजन में मोबिल ऑयल टपकने की बात कहकर ऐसा गुमराह किया कि वह पिकअप में अंदर सीट पर रखे नोटों भरे बैग पर नजर रखना भूल गए जिसे टप्पेबाज उड़ा ले गए थे। इसके अलावा टप्पेबाजों ने 12 दिसंबर को बहादुरगंज मोहल्ले में बर्तन और जेवरात चमकाने के केमिकल बेचते समय नफीसा पत्नी सरफराज को चकमा देकर उनकी सोने की चार चूड़ियां ठग लीं। दोनों ही घटनाओं का भी अभी तक वर्कआट नहीं हो पाया है।