उझानी (बदायूं)। आंबेडकर चौराहे के पास बृहस्पतिवार शाम को दो सगी बहनों की साइकिल को टक्कर मारकर उन्हें गिराने के बाद छेड़छाड़ के आरोपी सौरभ को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। उसका मेडिकल भी कराया गया। पुलिस ने दोनों छात्राओं के बयान भी दर्ज किए हैं।
मोहल्ला गौतमपुरी निवासी सौरभ पुत्र हरीओम भी बीए का छात्र है। बाइक सवार सौरभ ने बृहस्पतिवार शाम को ट्यूशन पढ़कर घर लौटते समय पड़ोसी गांव निवासी दो सगी बहन (छात्राओं) के साथ छेड़छाड़ की थी। उसने बाइक से साइकिल को टक्कर मार कर दोनों को गिरा दिया था। पुलिस के बुलावे पर दोनों छात्राएं शुक्रवार को फिर कोतवाली पहुंची और घटना को लेकर अपने बयान दर्ज कराए। दोनों बहनों ने बताया कि सौरभ तीन-चार बार पहले भी उनका पीछा कर चुका है। उसे बाइक से टक्कर मारकर साइकिल से गिराया, तो ही परिजनों को अवगत कराया था। पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह ने बताया कि सौरभ का चालान से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल भी कराया गया।