बदायूं। उझानी में तैनात इंस्पेक्टर ओमकार सिंह और एसआई राजेंद्र सिंह समेत 13 पुलिस कर्मियों के खिलाफ सदर कोतवाली में डकैती की रिपोर्ट दर्ज हुई है। शहर के मोहल्ला नाहर खां सराय निवासी महिला ने 156 (3) के तहत न्यायालय में परिवाद दायर किया था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाहरखां सराय निवासी मुरादन का आरोप है कि उसके पति उस्मान गद्दी गद्दी समाज के आल इंडिया गद्दी यूथ फेडरेशन के कोषाध्यक्ष हैं। वह पूर्व में भाजपा कार्यकर्ता थे। बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पुलिस विरोधियों की शह पर उनसे रंजिश मानने लगी। आरोप है कि 20 अप्रैल 2019 को सदर कोतवाली इंस्पेक्टर ओमकार सिंह, एसआई राजेंद्र सिंह, एक अन्य दरोगा और 10 पुलिस कर्मी उसके घर में घुस आए। उसके पति बहन की शादी का कार्ड बांटने गए थे। इंस्पेक्टर बोले-घर की तलाशी लेनी है। उसने कहा अभी पति नहीं है। आपके साथ कोई महिला पुलिस कर्मी भी नहीं है। उन्होंने हाथ पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे वह बेपर्दा हो गई। बाद में घर में रखे 40 हजार रुपये, अंगूठी, चेन और पाजेब ले लिए। जब उसने विरोध किया तो सरकारी रिवाल्वर से जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में उसने पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। थकहारकर उसने न्यायालय की शरण ली। 16 सितंबर को न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। गुरुवार रात कोतवाली में सभी पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। इनमें इंस्पेक्टर ओमकार सिंह का उझानी कोतवाली से ट्रांसफर हो चुका है।
इंस्पेक्टर ओमकार सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज हुई है। इसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
विनय कुमार द्विवेदी, सीओ सिटी