कादरचौक (बदायूं)। कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम निधानपुरा में रविवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। भाई का आरोप है कि उसका बहनोई उत्पीड़न कर रहा था, जिससे उसकी बहन तंग आ चुकी थी। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
उसहैत कस्बा निवासी अर्जुन सिंह ने अपनी बेटी राधा (28) की शादी करीब नौ साल पूर्व कादरचौक के निधानपुरा गांव में सुरेश के साथ की थी। राधा के एक बेटा और तीन बेटियां हैं। उसका पति खेतीबाड़ी करता है। राधा के भाई प्रवेश के मुताबिक सुरेश ने कुछ समय पहले उससे पंद्रह हजार रुपये उधार लिए थे। उनका काम निकल गया तो उसने बहनोई से अपने रुपये मांगे। उन्होंने रुपये वापस नहीं किए लेकिन उसकी बहन ने एक भैंस दे दी। इससे सुरेश और राधा के बीच जमकर विवाद हुआ। आरोप है कि तब से सुरेश राधा का उत्पीड़न कर रहा था। इसके चलते रविवार सुबह राधा ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। उस वक्त उसका पति खेत पर गया था। जब वह लौटकर आया तो परिवार में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पर थाना पुलिस और सीओ अनिरुद्ध सिंह पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। दोपहर के समय पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। पुलिस ने उसके शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।