उसावां/म्याऊं (बदायूं)। शनिवार देर शाम दातागंज रोड स्थित म्याऊं में भट्ठे पर एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे दबकर चालक की मौत हो गई। उसके परिवार वाले चालक के शव को अपने घर ले गए हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी है।
उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम अभिगांव निवासी सुमित (18) पुत्र सतीश अपना ट्रैक्टर-ट्राली म्याऊं में दातागंज रोड स्थित भट्ठे पर चलाता था। बताते हैं कि सुमित शनिवार देर शाम खाली ट्रैक्टर-ट्राली भट्ठे पर ऊंचाई वाले स्थान पर खड़ा कर रहा था कि तभी अचानक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इसके नीचे सुमित दब गया। ये देखकर भट्ठे पर मौजूद लोग भाग खड़े हुए। उन्होंने तुरंत ट्रैक्टर हटाकर चालक को निकाला। परिवार वाले उसे जिला जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। वह शव को अपने गांव ले गए हैं। संवाद