सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम कठोली में एक युवक की लाश उसकी प्रेमिका के घर मिलने से हड़कंप मच गया। उसकी मौत गोली लगने से हुई है। परिवार वालों का आरोप है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है जबकि पुलिस इस मामले को आत्महत्या बता रही है। फिलहाल पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही मामले की जांच करने का दावा किया है।
ग्राम कठोली निवासी अरुण (18) पुत्र छत्रपाल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिवार वालों के मुताबिक युवक अपने गांव में ही दूसरे समुदाय की लड़की से प्रेम करता था। अरुण शनिवार शाम खेत पर सिंचाई करने गया था। उसके बाद से युवक का कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह परिवार वालों को सूचना मिली कि अरुण का शव लड़की के घर पर पड़ा है। उसके सिर में गोली लगने से भेजा उड़ गया है। इसकी सूचना मिलते ही परिवार वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी भी पहुंच गए। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान लड़की के परिवार वाले घर पर मौजूद नहीं मिले। युवक के चाचा कुंवरपाल ने बताया कि अरुण के पिता की दस साल पहले मौत हो चुकी है। वह खेतीबाड़ी करता था। वह दाएं हाथ से काम करता था जबकि गोली बाईं ओर से मारी गई है। उनका कहना है कि युवक की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। इसके बावजूद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करने का दावा किया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
युवक का शव एक घर में मिला है। उसको कनपटी पर गोली लगी थी जिससे उसकी मौत हुई है। प्रथम दृष्टया ये मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिवार वाले जो तहरीर देते हैं, उसके अनुसार एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराई जाएगी।
- संकल्प शर्मा, एसएसपी