आसफपुर/ फैजगंज बेहटा। फैजगंज बेहटा थाने के गांव सुरैनी पापड़ी के एक धर्म स्थल में शुक्रवार रात घुसे शराबी युवक ने काफी हंगामा किया। विरोध करने पर महंत से हाथापाई की। आरोप है कि प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना पहुंची पुलिस को देख पहले शराबी अपनी बाइक छोड़ कर भाग गया। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सुरैनी पापड़ी गांव में एक काफी पुराना धर्म स्थल है। यहां भरत गिरि नाम के महंत सेवा करते हैं। महंत का आरोप है कि शुक्रवार रात एक शराबी परिसर में घुस आया। यहां गाली-गलौज कर रहा था। उन्होंने विरोध किया। इस पर शराबी ने अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी। आरोप है कि शराबी ने प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन इससे पहले ही शराबी अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक और प्रतिमाओं के खंडित अवशेष कब्जे में ले लिए। महंत की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नामजद तहरीर दी गई है लेकिन शनिवार देर शाम तक पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। महंत का आरोप है कि पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी हुई है। इंस्पेक्टर अमृतलाल ने बताया कि युवक शराबी था। उसकी तलाश की जा रही है। मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि शांति बनी रहे।
पहले भी शरारती तत्व तोड़ चुके हैं मूर्ति
इससे पूर्व भी बीते एक पखवाड़े पूर्व कस्बा फैजगंज बेहटा में एक शरारती तत्व द्वारा मंदिर की मूर्तियां तोड़ी गई थी थाना पुलिस ने उस समय भी मामले की गंभीरता को दरकिनार कर आरोपी को शांति भंग करने की मामूली धाराओं में चालान कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर दी थी। पुलिस के इस लचर रवैया की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि थाने की पुलिस इस घटना की भी लीपापोती करने में लगी है।