बदायूं। सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात लालपुल इलाके में युवक को चाकू मारने के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि पुलिस इस मामले को फर्जी मान रही है। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में वादी और आरोपियों की लोकेशन की मिलान कराई जाएगी जिसके आधार पर ही अगली कार्रवाई होगी।
बुधवार रात कासगंज जिले के सिड़पुरा थाना क्षेत्र के एक युवक ने लालपुल के नजदीक से पुलिस को सूचना दी थी कि उसको चाकू मार दिया गया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की तो पुलिस खुद हैरत में पड़ गई। पहले तो चाकू मारने का मामला ही संदिग्ध लगा। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए युवक को जिला अस्पताल ले गई और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। फिर अस्पताल में ही भर्ती करा दिया। देर रात युवक ने सिड़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर निवासी सुल्तान, भगवान देवी ओर एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इसकी छानबीन कर रही पुलिस के मुताबिक युवक और उसकी बहन ने अभी हाल में इन्हीं लोगों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इससे पहले सिड़पुरा थाना क्षेत्र में उसकी बहन दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करा चुकी है। युवक और उसकी बहन के द्वारा लगातार ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। इससे सिड़पुरा पुलिस तंग आ गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार चाहर ने बताया कि मामला संदिग्ध है। युवक और उसकी बहन के द्वारा लगातार अलग-अलग थानों में ऐसे शिकायती पत्र दिए जा रहे हैं। इस मामले में लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।