सहसवान (बदायूं)। मंगलवार सुबह सहसवान के सैफुल्लागंज में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला, जिससे युवक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम कराया है। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई है।
ग्राम सैफुल्लागंज निवासी भूरे (24) पुत्र लालजीत शराब पीने का आदी था। परिवार वालों के मुताबिक वह छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह जो कमाता था, उसे शराब पीने में खर्च कर देता था। इससे परिवार में विवाद होता था। वह परिवार वालों के साथ गाली गलौज करता था। सोमवार को उसने मोहल्ले में ही दिनभर बेलदारी की। शाम को उसने शराब पी ली थी और घर नहीं आया। सुबह गांव के बाहर पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवार वालों का कहना है कि उसका किसी से विवाद तो नहीं था लेकिन उसकी हत्या की गई है। इस पर पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत फंदे पर लटकने से बताई गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है।
युवक शराब पीने का आदी था। उसका परिवार में ही विवाद हुआ था। जिस पर उसने फंदे पर लटककर जान दे दी है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
राजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर सहसवान