म्याऊं/उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में पत्नी से मारपीट कर रहे नशेड़ी युवक को पुलिस से उलझना मंहगा पड़ गया। सूचना पर पहुंचे सिपाहियों से उसने धक्कामुक्की कर दी, जिससे पुलिस ने भी उसकी जमकर पिटाई लगाई। फिर गाड़ी में डालकर ले गए और थाने के लॉकअप में बंद कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर बाद यूपी-112 पुलिस को सूचना मिली कि पदमपुर गांव में छोटे पुत्र तेजपाल नाम का एक व्यक्ति अपनी पत्नी आरती से मारपीट कर रहा है। छोटे दोपहर के समय शराब पीकर घर लौटा था। उसके बाद पत्नी के साथ गाली गलौज की। उसके बाद मारपीट शुरू कर दी। परिवार वालों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। इस पर उसके भाई सुरेंद्र ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दे दी। जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गाड़ी में मौजूद सिपाहियों ने छोटे को समझाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माना तो सिपाही उसे पकड़कर ले जाने लगे। इस पर युवक सिपाहियों से ही भिड़ गया और उनसे गाली गलौज शुरू कर दी। फिर सिपाहियों को भी गुस्सा आ गया। उन्होंने युवक की जमकर पिटाई लगाई। फिर पकड़कर गाड़ी में डाल लिया। इस दौरान मारपीट का कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया जो शाम को वायरल हो गया।
इधर, पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण करा दिया है, जिसमें एल्कोहल की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उसके भाई सुरेंद्र की ओर से छोटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रविवार सुबह चालान किया जाएगा।