बदायूं/ बिनावर। सोमवार रात टेंपो चालक जिस युवक की लाश छोड़कर जिला अस्पताल से भागा था। रविवार दोपहर बाद उसकी शिनाख्त हो गई। वह युवक रहमा गांव का शाकिर निकला है। मलगांव के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई थी। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम रहमा निवासी शाकिर (40) सोमवार रात बाइक लेकर अपने गांव से उसैता गांव जा रहा था। तभी रास्ते में मलगांव के पास शाकिर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उधर से गुजरे राहगीरों ने शाकिर को एक टेंपो में लिटाकर जिला अस्पताल भेज दिया था। उस वक्त अकेला टेंपो चालक ही शाकिर को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। इमरजेंसी पहुंचकर उसे पता चला कि युवक की मौत हो गई है। तो टेंपो चालक के हाथपैर फूल गए। वह बगैर नाम पता बताए अस्पताल से अपना टेंपो लेकर रफू चक्कर हो गया।
इस पर स्वास्थ्य कर्मियों में अफरातफरी मच गई। रात में ही कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिस पर पुलिस ने टेंपो चालक और मृतक के बारे में छानबीन शुरू कर दी। रविवार दोपहर बाद युवक की शिनाख्त हो गई। इस संबंध में प्रभारी एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि मलगांव के पास युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई थी। उसकी शिनाख्त हो गई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।