हजरतपुर थाने में खड़ी बरामद कार। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं/दातागंज। हजरतपुर पुलिस के एक बड़ा गैंग हाथ लगा है। पुलिस ने गैंग के करीब आधा दर्जन लोगों को पकड़ लिया है। उनके पास से तीन लग्जरी कार, सोना-चांदी के आभूषण और लाखों की नकदी बरामद होने की भी बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है लेकिन सूत्रों की माने तो इनके अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। इन्हें जिले के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना कर दिया गया है।
मामला सोमवार रात का बताया जा रहा है। बताते हैं कि हजरतपुर पुलिस सोमवार रात इलाके में चेकिंग कर रही थी। तभी एक लग्जरी कार पकड़ी गई। पुलिस को देखकर उसमें सवार लोग सतर्क हो गए। इससे पुलिस को कुछ आशंका हुई। पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार में भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुए। उसके बाद कार सवार लोगों को थाने ले जाया गया। बताते हैं कि कार सवार लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही थी कि सुबह के समय दो कार से कुछ और लोग थाने पहुंच गए। चर्चा है कि ये लोग रात पकड़े गए लोगों को छुड़ाने पहुंचे थे। शक के दायरे में वो भी आ गए। इससे पुलिस ने उन्हें भी थाने में बैठा लिया। ये लोग अंतर जनपदीय गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं। चर्चा है ये लोग हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में हुई लूट की बड़ी घटनाओं से संबंधित है। हालांकि पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है। मंगलवार शाम को थाने में खड़ी लग्जरी गाड़ियों के कारण इसकी चर्चा क्षेत्र में फैल गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार रात पकड़े गए लोगों ने अपने कुछ और साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस की टीमें उन्हें पकड़ने के लिए जिले से रवाना हो गईं हैं। बुधवार सुबह या दोपहर तक पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
क्या कहते हैं अधिकारी
हां, कुछ लोग पकड़े गए हैं। अभी सबसे पूछताछ चल रही है। इसमें अभी बहुत काम बाकी है। कुछ टीमों को लगाया गया है। मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। तभी कुछ बताया जा सकता है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी