बदायूं/कादरचौक। रविवार सुबह रमजानपुर गांव में एक व्यक्ति की पंखे में करंट आने से मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, शहर के मोहल्ला हकीमबाड़ा में एक बालिका की मौत हो गई। उसके परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हकीमबाड़ा निवासी आकिल और उसके परिवार वाले शनिवार रात दो बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी जैनब को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जैनब को करंट लग गया है। कूलर में करंट उतर आया था। उसका करंट लगने से बालिका बेहोश हो गई। डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिवार वाले बालिका के शव को अपने घर ले गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार कर दिया।
उधर, कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम रमजानपुर निवासी सिपट्टर शाह (40) रविवार सुबह पंखा लगा रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक जैसे ही उन्होंने पंखे का स्विच ऑन किया, उन्हें करंट लग गया। इससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। उन्हें देखकर परिवार वाले दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह बोर्ड से तार निकाले। सिपट्टर शाह को अलग किया। परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिपट्टर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।