बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव जरावन से बैरमई बुजुर्ग को आ रहे कच्चे मार्ग का मनरेगा से मिट्टी डालने का कार्य करा रहे रोजगार सेवक और उसके पुत्र से दंबग भिड़ गए और झगड़ा करने को उतारू हो गए। रोजगार सेवक ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से की है।
गांव जरावन निवासी रोजगार सेवक सुरेंद्र कुमार ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह क्षेत्र के गांव जरावन से बैरमई बुजुर्ग को आ रहे कच्चे मार्ग का मनरेगा से मिट्टी डालने का कार्य करा रहा था। तभी गांव गुधनी निवासी कुछ लोग मौके पर आ गए और मजदूरों द्वारा कार्य करने का विरोध करने लगे। कहासुनी और गाली-गलौच करते हुए रोजगार सेवक और उसके पुत्र जितिन कुमार के साथ मारपीट करने को उतारू हो गए। मौके पर आए अन्य लोगों ने उन्हें बचाया। इसके बाद दंबग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। रोजगार सेवक ने पुलिस से दंबगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।