बदायूं/मूसाझाग। पुलिस से सुरक्षा मांगने पहुंचे प्रेमी युगल को पुलिस ने एक-दूसरे से अलग कर दिया। मूसाझाग पुलिस ने प्रेमिका घरवालों के हवाले कर दिया और प्रेमी को जेल भेज दिया। सूत्रों का कहना है कि प्रेमी के पास चाकू दिखाकर जेल भेजा गया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक ही जाति के युवक और युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसकी जानकारी होने पर परिवार वालों ने उन पर बंदिशें लगाईं लेकिन वे नहीं माने। मंगलवार को दोनों किसी तरह अपने घर से निकल आए और सीधे बदायूं पहुंचे। शहर में टहलते रहे। बाद में दोनो सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। उन्होंने प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार से अपनी जान की सुरक्षा मांगी। उन्होंने कहा कि वह एक ही जाति के हैं और आपस में प्रेम करते हैं। दोनों शादी करना चाहते हैं। इस पर पुलिस ने दोनों के परिवार वालों को थाने बुला लिया। उसके बाद युवती को परिवार वालों के हवाले कर दिया। जबकि युवक को मूसाझाग पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया। मूसाझाग थाने के एसओ ललित भाटी ने बताया कि युवक के पास चाकू मिला था। इसलिए उसे जेल भेज दिया गया।