दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिसैईया गुसांई में गुरुवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमेें दोनों पक्षों के 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराया है।
ग्राम सिसैईया गुसांई निवासी श्रीराम (52) का आरोप है कि बुधवार रात उनके घर की महिलाएं बाहर लघुशंका करने गईं थीं। उसी समय आरोपियों ने उनसे अभद्रता की। उस समय तो उन्होंने कुछ नहीं बोला लेकिन सुबह शिकायत करने पर आरोपी पक्ष के लोग उन पर हमलावर हो गए। इससे दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें श्रीराम, तुलाराम (30), रामरती (50), ओमवती (28), विनोद (13), रीना (25) घायल हो गईं। जबकि दूसरे पक्ष के हेमराज (50), धनपाल (38), रमेश (30), रुकमणी (45) और कुसुम (14) घायल हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गई। तब कहीं उनके बीच मारपीट बंद हुई। उसके बाद पुलिस दोनों पक्षों के घायलों को स्वास्थ्य केंद्र ले गई। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की जा रही है।