मूसाझाग (बदायूं)। मूसाझाग इलाके में गुरुवार देर रात एक बाइक पेड़ से टकरा गई जिसमें दो चचेरे-तहेरे भाइयों की मौत हो गई। तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं, पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिए हैं। हादसे के बाद से उनके परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर निवासी अनिल (28) पुत्र प्रभु, नन्हे (25) पुत्र धनपाल और बिमलेश पुत्र रामबहादुर गुरुवार शाम एक बाइक पर सवार होकर खेत गए थे। तीनों आपस में सगे चचेरे-तहेरे भाई हैं। खेत पर काम करने के बाद तीनों भाई देर रात घर लौट रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में तालगांव और बीबीपुर के बीच सड़क किनारे खड़े पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उधर से गुजर रहे लोगों ने हादसे को देखकर उनके परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने अनिल और नन्हे को मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। रात पुलिस ने उनके शव शवगृह में रखवा दिए। शुक्रवार दोपहर दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इधर, जिला अस्पताल में भर्ती विमलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।