कादरचौक। नलकूप पर सिंचाई करते वक्त किसान की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है।
कादरचौक थाने के गांव सदाठेर का 25 वर्षीय कुंवरपाल रविवार दोपहर खेत पर सिंचाई कर रहा था। सिंचाई करते समय नलकूप का फ्यूज जल गया। कुंवरपाल फ्यूज जोड़ रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया। उसके चीखने-चिल्लाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुंवरपाल बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा था। आननफानन में उसे जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का एक और छोटा भाई है। परिवार में दो बेटे और एक बेटी के सर से पिता का साया उठ गया है। मृतक के परिवारवालों की सूचना पर कादरचौक पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के परिवार में कोहराम है। उसकी पत्नी बेसुध है।