उझानी (बदायूं)। कछला की नई बस्ती में शनिवार शाम को जुए के एक फड़ पर हारजीत को लेकर जुआरी आपस में भिड़ गए। हंगामा और मारपीट की भनक लगते ही एक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचा तो जुआरियों और उसके बीच नोकझोंक हो गई। उसने फोन कर चौकी से पुलिस फोर्स भी बुला लिया लेकिन फोर्स के पहुंचने से पहले ही जुआरी भाग गए।
नई बस्ती में जुए के फड़ पर मारपीट का मामला शाम करीब छह बजे का है। नई बस्ती में पड़ोसी गांव डिलौर समेत मोहल्ले के ही पांच-छह युवक जुआ खेलते समय आपस में भिड़ गए। हारजीत भी हजारों रुपयों में हुई लेकिन हारे पक्ष के जुआरियों ने फड़ से उठकर निकले दो युवकों को दबोच लिया। कहासुनी के बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने फोन करके पुलिस को बुला लिया। सिपाही ने जुआरियों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह जुआरी बिफर पड़े। सिपाही और जुआरियों में मौके पर ही नोकझोंक भी हुई। सिपाही ने चौकी पर फोन करके पुलिस फोर्स को बुला लिया लेकिन तब तक जुआरी खेतों के रास्ते जंगल की ओर भाग गए। बाद में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। इधर, चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने बताया कि नई बस्ती में तीन-चार आपस में भिड़ गए थे लेकिन जुआ होने की सूचना नहीं मिली है। एक युवक से पूछताछ भी की गई है। उसने भी जुए के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।