बदायूं। करवाचौथ पर प्रेमिका मिलने नहीं आई तो पिकअप चालक प्रेमी ने खुद को गोली मारकर जान देदी थी। परिवार वाले इसे अब तक हत्या बताकर गांव के तीन लोगों पर आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने तमंचा बरामद कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
गुरुवार शाम बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलखानपुर निवासी राजेंद्र (22) पुत्र पान सिंह पिकअप गाड़ी में घायल अवस्था में पड़ा मिला था। परिवार वाले उसे प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिता ने तहरीर देकर गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी। इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि गांव के कई लोगों ने देखा था कि युवक शाम चार बजे से पिकअप गाड़ी में बैठा शराब पी रहा था। पुलिस के मुताबिक उसका एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले वह लड़की के घर में पकड़ा भी गया था। करवाचौथ पर लड़की उससे मिलने नहीं आई तो उसने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इधर, अब परिवार वाले भी मुकर गए हैं। पिता कह रहे हैं कि उनके बेटे ने आत्महत्या जरूर की है लेकिन लड़की ने उसे फोन किया था। तब उसने गोली मारी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है।