बदायूं। वजीरगंज थाना पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लग गई। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से करीब डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई है। तीनों उसे सप्लाई करने जा रहे थे।
गुरुवार को वजीरगंज पुलिस हतरा रोड पर चेकिंग कर रही थी। उसी समय पुलिस को तीन लोग एक बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने जैसे ही उन्हें टोका कि तीनों सकपका गए। इससे पुलिस को कुछ शक हुआ। पुलिस ने तुरंत उन्हें रोक लिया और बैग की तलाशी ली, जिसमें करीब डेढ़ किलो अफीम निकली। पुलिस तीनों को थाने ले गई, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम अनीश पुत्र हबीब, आरिफ पुत्र केसर, जफर उर्फ चेयरमैन पुत्र सदीक निवासीगण हतरा बताया। पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया। ब्यूरो