बदायूं। बिसौली कस्बे में बैंक से रुपये निकालने आई एक महिला से पचास हजार रुपये की ठगी हो गई। कस्बे की मौर्य कॉलोनी निवासी विद्यावती पत्नी हरिशंकर बुधवार को प्रधानमंत्री आवास के लिए आए रुपये निकालने पंजाब नेशनल बैंक पहुंची थीं। बताते हैं कि जैसे ही महिला पचास हजार रुपये निकालकर बैंक से निकली कि तभी गेट पर एक युवक मिल गया। उसने महिला से बातचीत शुरू कर दी। बातों ही बातों में उसने महिला को उसके दोनों बेटों के नाम बता दिए। उसने खुद को उनका दोस्त बताया। बोला, वह उन्हें घर तक छोड़ देगा। सड़क के पार उसकी बाइक खड़ी है। उसने बाइक की चाबी महिला को पकड़ा दी और उसके रुपयों से भरा थैला अपने हाथ में ले लिया। सड़क पार करते ही उसने महिला को एक बाइक के पास खड़ा कर दिया। बोला यह मेरी बाइक है। वह थोड़ी देर में आ रहा है। यह कहकर युवक रफूचक्कर हो गया। कुछ देर बाद उस बाइक को उसका मालिक उसे लेने आया तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। उसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।