सहसवान। पुलिस ने जंगल में गोवंशीय पशु का मांस काट रहे तस्करों की घेराबंदी की तो वो पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घेराबंदी कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 10 लोग फरार हो गए। पुलिस को मौके से मांस और मांस काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों का कोर्ट के लिए चालान भेज दिया।
सोमवार सुबह करीब पांच बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांव भवानीपुर खैरू के पास ईख में कुछ लोग गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस काट रहे हैं। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो मांस काट रहे तस्कर भाग निकले। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर भी किया। पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया जबकि 10 लोग फरार हो गए। पकड़े गए आरोेपियों ने अपने नाम अकरम और सोहेल निवासी भवानीपुर खैरू बताए। पुलिस को अकरम के पास से एक तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद हुआ। मौके से करीब दो क्विंटल पशु मांस, अवशेष और मांस काटने के उपकरण भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पकडे़ गए आरोपियों का चालान भेज दिया है। साथ ही मांस को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद नष्ट करा दिया।