बदायूं। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को कबूलपुरा मोहल्ले में एक घर पर छापा मारकर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों भाई अवैध रूप से असलहे बना रहे थे। उनके पास से तीन तमंचे और बनाने के औजार बरामद हुए हैं।
प्रभारी कोतवाली निरीक्षक प्रवेश कुमार पाठक को सूचना मिली कि कबूलपुरा मोहल्ले में एक घर के अंदर अवैध असलहे बनाए जा रहे हैं। यह सूचना मिलते ही उन्होंने एसआई हरिसिंह पाल, एसआई जितेंद्र और पुलिस टीम के साथ पप्पू उर्फ दयाशंकर पुत्र संतोष के घर को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस के मुताबिक उस समय पप्पू अपने भाई नीरज के साथ घर में असलहे बना रहा था। पुलिस ने दोनों को घर के अंदर से गिरफ्तार कर लिया, साथ ही उनके घर से तीन तमंचे, कुछ अधबने असलहे, औजार बनाने के उपकरण भट्ठी, पंखा, ड्रिल मशीन आदि भी बरामद कर ली। इस दौरान उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें हटाया और दोनों भाइयों को कोतवाली ले गई। पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने बताया कि वह असलहे बनाकर असगर और पप्पन को बेचते थे। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। असलहे खरीदने वाले घर से भाग गए हैं।