बदायूं। कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए दो बंदियों के बीच कच्ची हवालात में मारपीट हो गई। इससे यहां अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने दोनों को अलग किया। इस संबंध में रिपोर्ट जेल प्रशासन को भेज दी गई है। घटना के बाद से कच्ची हवालात में सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जिला जेल से बंदियों को पेशी पर कोर्ट लाये जाने के दौरान इनको यहां पेशी का नंबर आने तक कोर्ट परिसर में ही एक हवालात में रखा जाता है। कोर्ट परिसर में बनी इस हवालात को ही कच्ची हवालात कहते हैं। कई बार इस हवालात में क्षमता से कहीं ज्यादा बंदी हो जाते हैं। सुरक्षा के लिहाज से हवालात मोहर्रिर समेत पुलिस स्टाफ का बंदोबस्त रहता है। मंगलवार को हत्या के मामले में आरोपी ब्राह्मपुर के प्रशांत वर्मा की कोर्ट में पेशी थी। हरियाणा के अनिल उर्फ सोनू को भी पेशी पर कोर्ट लाया गया था। यह दोनों कच्ची हवालात में थे। करीब चार बजे किसी बात पर प्रशांत वर्मा और अनिल के बीच मारपीट हो गई। इससे हवालात के साथ कोर्ट परिसर में भी अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को अलग किया गया।
प्रशांत वर्मा और अनिल उर्फ सोनू के बीच कच्ची हवालात में मारपीट हो गई थी। किसी को चोट नहीं आई है। दोनों बंदियों को जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। बंदियों के बीच झगड़े की वजह अभी साफ नहीं है। जांच कराई जा रही है।
- आदित्य कुमार, जेलर