बदायूं। उझानी कोतवाली के गांव अहिरवारा निवासी बीडीसी सदस्य रविवार को लापता हो गया। वह घर से दूध लेकर शहर के लिए निकला था। उसकी बाइक और दूध के ड्रम रास्ते में पड़े मिले। परिवार वाले अपहरण का आरोप लगा रहे हैं। परिवार वालों का कहना है कि उझानी पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही।
उझानी के गांव अहिरवारा का नेम सिंह बीडीसी सदस्य है। वह दूध का काम भी करते हैं। रविवार को वह गांव से दूध लेकर शहर के लिए निकले थे। नेम सिंह के भाई योगेंद्र सिंह का आरोप है कि रास्ते में 10-12 लोगों ने नेम सिंह का अपहरण कर लिया। उसे कार में डालकर ले गए। गांव वालों ने भी यह सब देखा। गांव के लोग पहुंचते उससे पहले अपहरण करने वाले भाग चुके थे। नेम सिंह की बाइक और दूध के ड्रम रास्ते में पड़े मिले। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उझानी कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। सोमवार को योगेंद्र सिंह परिवार और गांव के लोगों के साथ मुख्यालय पहुंचे। एसएसपी की अनुपस्थिति में सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी से पूरे मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई।
अहिरवारा गांव के कुछ लोग आए थे। इन लोगों ने एक दूधिया के अपहरण की शिकायत की। पूछने पर किसी तरह की रंजिश की बात से इंकार किया। दूधिया के बीडीसी सदस्य होने के बारे में भी नहीं बताया। मामले में उझानी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- विनय कुमार द्विवेदी, सीओ उझानी