बदायूं। वजीरगंज थाने के गांव रोटा में रविवार को दो पक्षों के बीच मजार को लेकर टकराव होते-होते बचा। एसडीएम बिसौली किशोर गुप्ता और सीओ सर्वेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। एक पक्ष के लोगों का आरोप है कि थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
वजीरगंज थाने के गांव रोटा में सोत नदी के पास एक मजार है। इसको लेकर काफी समय से दो पक्षों के बीच तनातनी चल रही है। पहले कई बार यहां नई परंपरा की कोशिश को लेकर भी तनाव का माहौल पैदा हो चुका है। मजार के आसपास ग्रामसभा की जमीन है। रविवार को एक पक्ष के कई लोग यहां पहुंच गए। इन लोगों ने धर्मस्थल का विस्तार करने के लिए आसपास की गई तार फेंसिंग को ध्वस्त कर दिया। आरोप है कि ग्राम सभा की जमीन पर भी जुताई शुरू कर दी। इससे गांव में दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इनमें टकराव की स्थिति बन गई। इस बारे में सूचना थाना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। गांव के लोगों ने जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीएम किशोर गुप्ता और सीओ सर्वेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को काबू किया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। एसडीएम का कहना है कि तनाव जैसी कोई बात नहीं है। इधर, गांव के लोगों का कहना है कि मामले को थाना पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही।
रोटा में धर्मस्थल को लेकर कुछ विवाद का मामला संज्ञान में आया है। एसडीएम और सीओ बिसौली मौके पर पहुंचे थे। गांव में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। जांच कराई जा रही है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी देहात