बदायूं। थाना और जिला स्तर पर शिकायतों का निस्तारण न होने से बदायूं पुलिस की शिकायतें लगातार एडीजी तक पहुंच रही हैं। बृहस्पतिवार को उघैती का लालाराम अपनी मां के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एडीजी अविनाश चंद्र के सामने फरियाद लेकर पहुंचा था। शुक्रवार को बिसौली का बुजुर्ग दिव्यांग भूमाफिया पर कार्रवाई न होने की शिकायत लेकर पहुंचा। एडीजी ने गंभीरता से लेते हुए सीओ बिसौली को जांच का आदेश दिया है।
बिसौली के साहूकारा निवासी बुजुर्ग दिव्यांग प्रदीप की दुकान चौक बाजार बुधबाजार रोड पर है। आरोप है कि भूमाफिया इस पर कब्जा करना चाहते हैं। एक महीने पहले भूमाफिया ने दुकान में घुसकर लूटपाट और तोड़फोड़ की थी। बिसौली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने एडीजी से फरियाद की थी। एडीजी के आदेश पर 24 अगस्त को रिपोर्ट तो दर्ज कर ली गई, लेकिन अब गिरफ्तारी नहीं की गई। शुक्रवार को प्रदीप फिर से एडीजी से मिला। उसने भूमाफिया से जान-माल के खतरा बताया। बिसौली पुलिस पर आरोप लगाए। एडीजी ने गंभीरता से लेकर हुए सीओ बिसौली को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।