अलापुर (बदायूं)। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल वाले खुदकुशी की बात कह रहे हैं, जबकि मायके वाले दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगा रहे हें। पति और सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मूसाझाग के गांव थल्लिया नगला के दीन मोहम्मद ने भतीजी फिरदौस की शादी करीब पांच साल पहले अलापुर के गांव इस्लामगंज निवासी फारुख के साथ की थी। फिरदौस के एक डेढ़ साल का बेटा और एक 10 माह की बेटी भी है। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। कई बार उसने इस बारे में मायके वालों को भी बताया। ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मांग पर अड़े रहे। दहेज की मांग पूरी न होने पर बृहस्पतिवार रात फिरदौस की हत्या कर दी। गांव के लोगों से फिरदौस के मरने की जानकारी मिली तो वह शुक्रवार को वहां पहुंचा। वहां फिरदौस का शव चारपाई पर पड़ा था। ससुराल वाले हत्या के इस मामले को खुदकुशी साबित करना चाहते थे। दीन मोहम्मद की तहरीर पर पुलिस ने पति फारुख, ससुर शब्बीर और सास शहनाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवाहिता की मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। एसओ कृष्णगोपाल शर्मा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।