उझानी। गर्लफ्रेंड के साथ पकड़े गए दो युवकों के मामले में पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पुलिस होटल मालिक के खिलाफ अफसरों को रिपोर्ट देगी, साथ ही प्रेमी जोड़ों को बालिग बताते हुए उन्हें क्लीनचिट भी दे दी गई है।
गुरुवार को पुलिस ने मेन मार्केट स्थित एक होटल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना के बाद प्रेमी युगल दो जोड़ों को पकड़ा था। एक जोड़ा कासगंज जिले का निकला तो दूसरा बिल्सी से पहुंचा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनके घरवालों को भी बुला लिया था। उनके सर्टीफिकेट देखने के बाद पुलिस ने चारों को बालिग बताते हुए क्लीनचिट दे दी थी। उनके घरवालों ने भी पुलिस को बताया था कि वह आपस में दोस्त हैं।
इसी के साथ पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। दरोगा शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि होटल के अंदर दो जोड़ों की सूचना जिन लोगों से पुलिस को मिली थी, उन्होंने यह कहा था कि होटल में अनैतिक काम होते हैं। उनकी इस शिकायत पर जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।