बदायूं। पोस्टमार्टम के बदलेमृतकों के परिवार वालों से घूस लेने के आरोपी स्वास्थ्य विभाग के पोस्टमार्टम कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी की जांच रिपोर्ट पर की गई है।
स्वास्थ्य विभाग में हेमंत नाम का कर्मचारी आउट सोर्सिंग पर सेवाएं दे रहा था। इसकी ड्यूटी पोस्टमार्टम हाउस पर थी। कई बार शिकायत मिलीं कि पोस्टमार्टम के बदले हेमंत मृतकों के परिवार वालों से वसूली करता है। मामला डीएम दिनेश कुमार सिंह तक पहुंचा। उन्होंने गंभीरता से लेते हुए जांच सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी से कराई। सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच में आरोपों को सही पाया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने हेमंत को सेवाओं से बर्खास्त कर दिया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि घूसखोरी के आरोपी आउटसोर्सिंग कर्मचारी हेमंत की सेवाओं को समाप्त कर दिया गया है। ब्यूरो