बदायूं। एनएमएसएस दास कॉलेज में मंगलवार दोपहर कुछ बाहरी लड़के घुस आए। इनका यहां कॉलेज के छात्रों से विवाद हो गया। बाद में मारपीट होने पर हंगामा हुआ तो चीफ प्रॉक्टर शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे। मामला शांत कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले बाहरी लड़के भाग निकले।
एनएमएसएन दास कॉलेज के परिसर में मंगलवार दोपहर हंगामा होने लगा। तीन-चार लड़कों के बीच मारपीट के दौरान काफी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर डॉ. शिवराज सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पता लगा कि कुछ बाहरी लड़के कॉलेज परिसर में घुस आए थे। इन्होंने ही छात्रों के साथ मारपीट की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वे भाग चुके थे। चीफ प्रॉक्टर शिवराज सिंह का कहना है कि मामले में कॉलेज की अनुशासन कमेटी जांच कर रही है। अगर कॉलेज का कोई छात्र दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। मामले में जानकारी पुलिस को दी गई है। बाहरी लड़के अनावश्यक कॉलेज में न घुसें इसका भी ध्यान रखा जाएगा। चौकी प्रभारी नवादा प्रमोद यादव का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। उससे पहले ही मारपीट करने वाले लड़के भाग निकले। कोई तहरीर नहीं मिली है।