दातागंज (बदायूं)। मृत बच्चा पैदा होने पर बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता के परिवार वालों ने रविवार रात हंगामा कर दिया। यह लोग डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दातागंज के गांव पुरैनी निवासी नसीरउद्दीन की पत्नी रहनुमा गर्भवती थी। रविवार रात प्रसव पीड़ा होने पर परिवार वाले उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। यहां जांच करने के बाद डॉक्टर ने रेफर कर दिया। इसके बाद रहनुमा को बदायूं रोड स्थित भवानी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। देर रात सामान्य प्रसव से रहनुमा ने मृत बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टर और स्टाफ के समझाने के बाद परिवार वाले रहनुमा और बच्चे का शव लेकर चले गए। कुछ देर बाद यह फिर से नर्सिंग होम पहुंचे। यहां डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इनको शांत कराया। सोमवार को नसीरउद्दीन गांव के कई लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे। उसकी तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था। प्रसूता के परिवार वाले यहां से चले गए थे। इसके बाद किसी ने उनको भड़का दिया।