उझानी (बदायूं)। बिल्सी क्षेत्र के एक गांव से रविवार शाम को लापता दो छात्राएं सोमवार को रेलवे स्टेशन पर मिल गईं। वे अपने प्रेमियों के साथ फरार होने के लिए घर से निकलीं थीं, लेकिन पीछे-पीछे घरवालों के पहुंचने पर उन्हें एक ही रात में तीन ठिकाने बदलने पड़ गए। छात्राओं के मिल जाने के बाद परिवार के लोगों और पुलिस ने उनके प्रेमियों को पकड़ने के लिए स्टेशन के पास घेराबंदी की, लेकिन वे फरार हो गए।
छात्राओं के लापता होने का मामला रविवार शाम का है। बिल्सी क्षेत्र के एक गांव से रात में करीब 11 बजे तीन-चार लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। घरवालों ने दोनों छात्राओं की पुलिस के साथ कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह करीब तीन बजे दोनों छात्राओं को स्टेशन अधीक्षक ने प्लेटफॉर्म पर बैठे देखा तो जीआरपी को बुला लिया। भनक लगते ही कोतवाली से पुलिस फोर्स भी स्टेशन पर पहुंच गया। दोनों छात्राओं को कोतवाली में रोका गया। उनके परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। पूछताछ के दौरान दोनों छात्राओं ने घर से लापता होने की हकीकत बयां कर दी। उनकी माने तो दोनों अपने प्रेमियों के साथ भाग जाने के लिए निकलीं थीं, लेकिन बाईपास से लेकर कहीं पर भी उन्हें मौका नहीं मिल पाया। एक बार तो वह ट्रक में भी बैठ गईं थीं, लेकिन तब तक उनके प्रेमी वहां नहीं पहुंच पाए थे। कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने बताया कि बाद में घर जाने की इच्छा व्यक्त की तो उनके घरवालों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियां बालिग हैं।
एक ने पिता पर लगाए आरोप
सोमवार को रेलवे स्टेशन पर मिलीं बिल्सी क्षेत्र के दोनों छात्राओं ने पुलिस के सामने हकीकत बयां की तो उनके घरवाले तैश में आ गए। इसके बाद एक छात्रा ने अपने पिता पर ही गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। पिता ने उसके आरोपों को नकार दिया। पुलिस को बताया कि दोनों छात्राएं आपस में सहेली हैं और एक ही कॉलेज में पढ़ती हैं।