सहसवान। कोतवाली पुलिस ने एक माह पहले बैंक से केसीसी के रुपये निकालकर जा रहे मोपेड सवार किसान के साथ हुई लूट का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार करने के साथ ही लूटी गई 91 हजार सात सौ रुपये की नकदी और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली।
शनिवार शाम एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 21 अगस्त को नगर के मुहल्ला रूस्तमटोला निवासी खालिद पुत्र नौशे को पल्सर सवार दो लोगों ने उस वक्त लूट लिया था जब वह बैंक से केसीसी के एक लाख 85 हजार रुपये निकालकर अपने घर जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने बदायूं मेरठ हाइवे पर पेट्रोल पंप के पास से दो युवकों को पल्सर बाइक से जाते समय गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खालिद के साथ हुई लूट कबूल की। पकडे़ गए आरोपियों ने अपने नाम पुष्पेन्द्र पुत्र बलवीर निवासी गांव अफजलपुर बुधैती थाना जरीफनगर और नबी अहमद पुत्र वसीर अहमद निवासी ग्राम आनन्दीपुुर थाना सहसवान बताए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गांव खैरपुर खैराती के पास बाग में छिपाकर रखी गई 91 हजार सात सौ रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
सहसवान। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुष्पेन्द्र पर लूट समेत तीन मुकदमे जरीफनगर थाना क्षेत्र में दर्ज हैं जबकि आरोपी नवी अहमद वर्ष 2014 में सहसवान में हुई एक लूट के मामले में आरोपी रहा है।