बदायूं। दो दिन पहले छोटी ज्यारत के पीछे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुरुवार को शिनाख्त हो गई। शव उझानी के मोहल्ला गंजशहीदा के रहने वाले छोटे मियां (60) का था। वह करीब 35 साल से अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रहे थे। बताते हैं कि दो दिन पहले वह छोटे मियां छोटी ज्यारत पर आए थे। छोटी ज्यारत के पीछे जाने के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई। फिर वहीं गिर गए। इसकी सूचना पर पहुंचे लोग छोटे मियां को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया था। उस समय तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। कुछ लोगों ने फोटो खींचकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दिए थे। जो छोटे मियां के बड़े बेटे परवेज तक पहुंचे। तब कहीं परिवार वाले गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और उन्होंने शव को पहचान लिया। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया और परिवार वालों के हवाले कर दिया।