कुंवरगांव (बदायूं)। रक्षाबंधन के त्योहार पर राखी लेकर ससुराल गए युवक की रविवार सुबह भमोरा इलाके के एक तालाब में लाश पड़ी मिली। शनिवार सुबह उसने परिजनों से कहा था कि वो ससुराल से अकेला लौट रहा है। पत्नी ने साथ आने से इंकार कर दिया है। देर रात तक युवक घर नहीं लौटा। भमोरा पुलिस को मालपुर गांव के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। सुबह तलाशी के दौरान तालाब से शव बरामद हो गया। अभी परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। उन्होंने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
महावीर (22) पुत्र रामनिवास कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गंज निवासी था। कुंवरगांव थाने के सामने उसकी कपड़ा सिलाई की दुकान है। इसी से उसके परिवार का गुजारा चलता था। महावीर तीन भाइयों में मझला था। करीब एक साल पहले उसकी बरेली जिले के ग्राम मिर्जापुर निवासी ओमा के साथ शादी हुई थी। रक्षाबंधन से तीन माह पहले ओमा अपने मायके मिर्जापुर चली गई थी। परिवार वालों की माने तो महावीर ने कई बार ओमा को फोन कर घर लौटने के लिए बोला था लेकिन उसने कहा था कि रक्षाबंधन के त्योहार पर महावीर ससुराल आएंगे, तभी वह उनके साथ घर लौट आएगी। पत्नी तो नहीं लौटी लेकिन महावीर रक्षाबंधन वाले दिन राखी लेकर बाइक से ससुराल गया था। शनिवार सुबह महावीर ने अपने ताऊ बैजनाथ को फोन करके बताया था कि उसकी पत्नी ने साथ आने से इंकार कर दिया था। वह अकेले घर लौट रहा है। परिवार वाले देर रात तक उसका इंतजार करते रहे। रात करीब आठ बजे भमोरा पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि महावीर की बाइक मालपुर गांव के पास खड़ी मिली है। इस पर परिवार वाले भमोरा पहुंच गए। देर रात तक महावीर को तलाश किया गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह उसके ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उनकी मदद से मालपुर गांव के पास स्थित तालाब से महावीर का शव बरामद कर लिया। उसके शव का बरेली में पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। परिजनों ने महावीर की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वह एफआईआर दर्ज कराएंगे।