कादरचौक (बदायूं)। रमजानपुर में रविवार को मंदिर की जगह पर बवाल हो गया। एक पक्ष ने छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कई लोग घायल हो गए। बाद में सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया।
ग्राम रमजानपुर में काफी पुराना एक शिव मंदिर है। उसके आसपास मंदिर की कई बीघा जमीन खाली पड़ी है। मंदिर कमेटी में शामिल उमाशंकर, राममूर्ति, रामनाथ, नेमपाल के मुताबिक मंदिर के पास कोटेदार महावीर पुत्र सरनाम और सोहनपाल आदि का मकान है। आरोप है कि महावीर व अन्य लोगों ने अपने-अपने घरों के दरवाजे मंदिर की जमीन की ओर खोल लिए हैं और काफी जगह पर कब्जा कर लिया है। कुछ दिन पहले मंदिर कमेटी के लोगों ने डीएम से इसकी शिकायत की थी। जिस पर शनिवार को तहसीलदार रामनयन सिंह और कई लेखपाल, कानूनगो पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे थे। तहसील की टीम ने नपत करवाकर जेसीबी से नींव खुदवा दी थी, ताकि बाउंड्री बनवाकर मंदिर की जमीन सुरक्षित की जा सके। देर शाम तक अधिकारियों के सामने बाउंड्री का निर्माण चला। उसके बाद अधिकारी चले गए। रविवार को मंदिर कमेटी के लोगों ने जैसे ही निर्माण का आगे का काम शुरू कराया कि आरोपी पक्ष के लोग अपनी-अपनी छत पर चढ़ गए और पथराव कर दिया। भगदड़ के बीच करीब 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार और एसओ विशाल प्रताप सिंह ने बामुश्किल हालात संभाले। उसके बाद घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं अधिकारियों ने अपने सामने बाउंड्री बनवाना शुरू कर दी। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिस को तहरीर दी है।