जरीफनगर (बदायूं)। जरीफनगर में कोऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक रहे नेम सिंह को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। रिटायर्ड शाखा प्रबंधक पर रुपये गबन करने का आरोप था। चार साल से उसके वारंट चल रहे थे। मेडिकल परीक्षण को उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
रिटायर्ड शाखा प्रबंधक नेम सिंह मूल रूप से संभल जिले में जुनावई निवासी है। वर्ष 2011 में नेम सिंह जरीफनगर क्षेत्र में स्थित कोऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक थे। तभी जरीफनगर थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी से रुपये गबन करने के आरोप में धारा 420, 468, 471, 120 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई थी। कुछ समय तक जरीफनगर पुलिस इसकी जांच करती रही लेकिन बाद में मामले की जांच कोऑपरेटिव सेल के इंस्पेक्टर रमेश कुमार मिश्रा के पास पहुंच गई। तब से कोऑपरेटिव सेल मामले की जांच करने में जुटी थी। इस मामले में एक आरोपी पहले जेल जा चुका है। शुक्रवार को इंस्पेक्टर रमेश कुमार मिश्रा ने नेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद उन्हें थाने लाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
इधर, जिला अस्पताल पहुंचते ही नेम सिंह ने अपनी तबीयत खराब बताई। इससे पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में ही भर्ती करा दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शनिवार सुबह नेम सिंह को जेल भेज दिया जाएगा।