उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में टेंपो सवार तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली। मृतकों में बिल्सी निवासी प्रकाश के करीबी की तहरीर पर अज्ञात चालक को हादसे का जिम्मेदार ठहराया गया है। इस हेल्पर ने ट्रक के फरार चालक का नाम और पता भी पुलिस को बता दिया। वह अलीगढ़ जिले में खैर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव गुराई निवासी अभिजीत पटेल की तहरीर पर दर्ज ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट में कहा गया है कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही की वजह से हुआ। अभिजीत मौके पर ही मौजूद था। वह हादसे में मृत तीन लोगों में बिल्सी कस्बे के मोहल्ला संख्या-छह निवासी प्रकाश पुत्र रामकिशन का करीबी है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है लेकिन उसका चालक हादसे के बाद मौके पर से फरार हो गया था। लोगों की भीड़ ने उसके हेल्पर को दबोच लिया था। वह पुलिस की हिरासत में है।
हेल्पर ने पूछताछ के दौरान ट्रक चालक का नाम और पता भी पुलिस को बता दिया है। बता दें कि शुक्रवार दोपहर में तेज रफ्तार ट्रक ने छतुइया रेल फाटक के पास सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी थी। टेंपो चालक धर्मवीर समेत सवारियों में प्रकाश और मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नरसेना निवासी दिव्यांग उदई की मौत हो गई थी। इधर, प्रभारी कोतवाल जितेंद्र सक्सेना ने बताया कि घायलों की हालत में दूसरे दिन सुधार है। पुलिस ने अभिजीत की तहरीर पर जो रिपोर्ट में दर्ज की है, उसमें तीनों मृतकों और सभी घायलों के नामों का उल्लेख किया गया है।