दातागंज (बदायूं)। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर खेत से मिट्टी खोदने के विवाद पर लाठी-डंडे और फावड़े चल गए। इसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों का ट्रैक्टर-ट्राली अपने कब्जे में ले लिया है।
रविवार दोपहर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायपुर धीरपुर निवासी कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्राली लेकर कांसी गांव में एक खेत से मिट्टी खोदने पहुंचे थे। बताते हैं कि आरोपी कांसी निवासी ओमपाल के खेत से मिट्टी खोद रहे थे। इस पर गांव के ही नंदराम ने टोंक दिया था। इससे आरोपी बौखला गए और उन्होंने गाली गलौज कर दी। इसकी सूचना पर नंदराम के परिवार से अन्य लोग भी पहुंच गए। उसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला बोल दिया। इसमें नंदराम (50), वेदराम (45), विधाराम (38), डालचंद (32), जय सिंह (25) और विपिन (18) घायल हो गए। उसके बाद आरोपी अपना ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली अपने कब्जे में ले लिया है। अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।