दातागंज (बदायूं)। पोस्ट ऑफिस के पास स्थित मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक के सामान की दुकान को शनिवार रात चोरों ने अपना निशाना बना लिया। पकड़े जाने के भय से चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ा दिया और इसके बाद हजारों का सामान चुरा ले गए। सामने की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी पूरी हरकत कैद हो गई। फुटेज को देखने के बाद पीड़ित दुकानदार चोरों तक पहुंच भी गया। आरोपी नाबालिग थे, इस लिए पीड़ित ने उनके घर वालों को पूरी घटना से अवगत कराया। आरोपियों के घर वालों ने दुकानदार को चोरी किया गया सब सामान और नकदी वापस कर दिया। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी स्थिति का जायजा लिया था, लेकिन दुकानदार ने किसी तरह की कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। चोरी की यह वारदात पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
नगर निवासी विवेक श्रीवास्तव की पोस्ट ऑफिस के पास मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक के सामान बेचने की दुकान हैं। शनिवार रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर उसमें रखा हजारों का सामान और नकदी चुरा ली। पकड़ में न आएं इसके लिए चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद चोर निकल गए, लेकिन इसी दुकान के सामने वाली दुकान में भी सीसीटीवी कैमरे लगे थे। उनमें चोरी करने वालों की तस्वीर कैद हो गई। दुकानदार ने जब इन सीसीटीवी की फुटेज देखी तो चोरों का सुराग लग गया। फुटेज में तीन चोरों की तस्वीर साफ दिखाई दे रही थी। सभी नाबालिग और नगर के ही रहने वाले थे। पीड़ित दुकानदार उन तीनों के घर पहुंचा और घटना के बारे में बताया। उन तीनों के परिजनों ने चोरी किया गया सामान लौटा दिया। घटना की खबर पूरे नगर में फैल गई थी। सो पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।
मुझे इसकी जानकारी नहीं है और न ही किसी ने इसकी सूचना दी थी। फिर भी पूरे मामले की इसकी जानकारी करता हूं। अगर दुकानदार तहरीर देता है तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।
संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दातागंज