बदायूं। तंत्र-मंत्र के नाम पर गांव दौलतपुर में एक परिवार से तीन महीने में पांच लाख की ठगी मामले में एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने दबतोरी पुलिस की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, ठगी के इस मामले को दबतोरी चौकी से ही रफा-दफा कर दिया गया था।
बिसौली कोतवाली के गांव दौलतपुर के जगवीर को ठगों ने उसके घर में अकूत ‘माया’ दबी होने की बात कर झांसे में ले लिया था। इसके बाद तीन महीने तक तंत्र-मंत्र और देवी-देवताओं को खुश करने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये ठग लिए गए। जगवीर और उसके भाई जगभान की सूचना पर दबतोरी चौकी पुलिस ने दो ठगों को पकड़ा था। बाद में ठगों से कुछ रुपये लेकर जगवीर को दे दिया। उससे बाकी रुपये जल्द मिलने की बात कही और चुप रहने के लिए कह दिया। बिना लिखा-पढ़ी के ही ठगों को छोड़ दिया गया था। मामला सुर्खियों में आया तो इसका एसपी देहात ने संज्ञान लिया। उन्होने मामले में चौकी पुलिस की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।