पुलिस पूछताछ में शकील ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों मोहम्मद शमशेर उर्फ समशीर, आमिर, बहारे आलम, ओमेन्द्र, बाबू और मनोज के साथ गोवंशीय पशुओं की हत्या करता था।
बदायूं के थाना सहसवान पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोवंशीय पशुओं की तस्करी और हत्या के मामलों में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश शकील अहमद उर्फ बड्डे सोमवार रात हुई पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि थाना सहसवान पुलिस प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बहादुर सिंह टीम के साथ शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में क्षेत्र में मौजूद थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी के मुकदमों में वांछित शकील अहमद उर्फ बड्डे कछला वाले रास्ते पर भीकमपुर की ओर अपनी रिश्तेदारी में जाने के लिए जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी आलोक कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिरकर मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान शकील के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, जिसकी नाल में एक खोखा कारतूस फंसा मिला तथा पैंट की जेब से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में शकील ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों मोहम्मद शमशेर उर्फ समशीर, आमिर, बहारे आलम, ओमेन्द्र, बाबू और मनोज के साथ गोवंशीय पशुओं की हत्या करता था। इन लोगों को ओमेन्द्र और बाबू गांव कैशो की मढ़ैया से तथा मनोज ग्राम फतनपुर टप्पा हवेली से आवारा पशु उपलब्ध कराते थे। जंगलों में हत्या करने के बाद आरोपी मांस की बिक्री करते और रुपये आपस में बांट लेते थे। आरोपी ने माना कि पुलिस ने उसके कई साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था।