बदायूं। 13 जून को कोरोना पॉजिटिव निकले बिल्सी के ई-रिक्शा चालक ने क्षेत्रीय लोगों को मुसीबत में डाल दिया था। एक तो उसके ई-रिक्शे पर कोई कोरोना पॉजिटिव सवारी यात्रा करके चली गई और उसे कोरोना संक्रमित कर गई। वहीं ई-रिक्शा चालक के संपर्क में आने वालों की सूची भी काफी लंबी निकली है। उसके संपर्क में आने वाले एक प्राइवेट चिकित्सक, एक नाई, परिवार के लोग, पड़ोसी और यात्रियों समेत 60 लोग सामने आए हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। उनके सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं।
बिल्सी के दिधौनी गांव में कोरोना पॉजिटिव निकला व्यक्ति ई-रिक्शा चालक है। वैसे तो वह किसी दूसरे प्रांत या जिला में नहीं गया लेकिन उसके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर सबको हैरत में डाल दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अनुमान लगा रहे हैं कि उस व्यक्ति के ई-रिक्शा पर किसी कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति ने यात्रा की होगी। ये व्यक्ति कौन है और कहां का रहने वाला है। ये खुद ई-रिक्शा चालक को नहीं पता। 13 जून को जब वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया तो उसके परिवार व आसपास के लोगों को इस बात का आश्चर्य हुआ कि आखिर वह कैसे संक्रमित हो गया। न तो कहीं गया और न ही कहीं से आया। इधर, जब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उसकी हिस्ट्री खंगाली तो पता चला ई-रिक्शा चालक ने बिल्सी के एक प्राइवेट डॉक्टर से अपना इलाज कराया था। एक नाई से बाल कटवाए थे। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर और नाई की दुकानें बंद करा दी हैं। वहीं, ई-रिक्शा चालक के परिवार से 15 लोग और मोहल्ला पड़ोस के लोगों समेत करीब 45 अन्य लोग संपर्क में आने वाले निकले हैं। इनमें उसके ई-रिक्शा पर सवारी करने वाले लोग भी शामिल हैं। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि चालक ऐसे ही किसी पॉजिटिव को लाने या ले जाने के दौरान संपर्क में आया होगा जिससे वह भी संक्रमित हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने सूची में शामिल डॉक्टर, नाई और ऐसे करीब 60 लोगों का सैंपल कराया है। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
सुबह गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, एक-एक की खंगाली हिस्ट्री
बिल्सी के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा सोमवार सुबह अपनी टीम के साथ दिधौनी गांव पहुंचे। उन्होंने एक दिन पहले गांव में टीमें लगाकर सर्वे कराया था। साथ ही लोगों को चिह्नित किया था। दोपहर से सैंपल लेने की कार्रवाई शुरू की गई। इसके अलावा प्रभारी डॉक्टर और उनकी टीम ने एक-एक संदिग्ध के बारे में जानकारी ली।
क्या कहते हैं अधिकारी
बिल्सी के दिधौनी में कोरोना पॉजिटिव निकला ई-रिक्शा कहीं बाहर से नहीं आया है। वह यहीं संक्रमित हुआ है। अब तक की छानबीन में यही माना जा रहा है कि कोई पॉजिटिव उसके ई-रिक्शे पर बैठा होगा जिससे यह संक्रमित हुआ। वह व्यक्ति कौन है, इसके बारे में अभी पता नहीं चला है। लगातार उसकी छानबीन चल रही है। - डॉ. गौरव वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी बिल्सी
मुसीबतों से गुजर रहा सहसवान, 28 सैंपल जांच को भेजे
सहसवान। सहसवान के लोगों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। सबसे पहले सहसवान में ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। अब फिर एक और कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग को मशक्कत करनी पड़ रही है। नगर के सैफुल्लागंज मोहल्ले में निकला कोरोना पॉजिटिव की वजह से विभाग ने सर्वे कराया। इससे 486 परिवारों के 3239 लोगों से जानकारी ली गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इमरान सिद्दीकी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक मोहित कुमार सक्सेना, मोहम्मद आमीन, प्रदीप सक्सेना, फूल सिंह आदि ने छानबीन के दौरान तजाकिस्तान से आए चार लोगों समेत सैफुल्लागंज के 28 लोगों के सैंपल कराए हैं।